आगरा। पश्चिमपुरी में आयोजित द्वितीय आरडी उपाध्याय मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को रोमांचक समापन हो गया। सात टीमों के बीच खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में ओम के फाइटर ने मानवेंद्र सुपर स्ट्राइकर को 35 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ओम के फाइटर ने निर्धारित 14 ओवर में 115 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मानवेंद्र सुपर स्ट्राइकर की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। ओम के फाइटर के गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया। मानवेंद्र सुपर स्ट्राइकर की पूरी टीम 80 रन पर सिमट गई। फाइनल मुकाबले के सबसे बड़े नायक रौनक बघेल रहे। उन्होंने पहले बल्ले से 32 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और बाद में गेंदबाजी में दो अहम विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पूरे टूर्नामेंट में निरंतर शानदार प्रदर्शन करने वाले कृष खंडेलवाल को मैन ऑफ द सीरीज के साथ बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार दिया गया। ओम कुशवाहा को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और पार्थ उपाध्याय को बेस्ट फील्डर चुना गया। खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि अभिषेक गर्ग, आयोजन सचिव केके उपाध्याय, अशोक सिंह, डॉ. फैज, प्रतिभा उपाध्याय, दीपेंद्र राठौर, सोनू उपाध्याय आदि मौजूद रहे।