होडल से पहले शोलाका स्टेशन पर स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस का पेंटो ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिकल) तार में फंस गया। ट्रेन के आगे बढ़ते ही तार टूट गया। इस कारण आगरा-दिल्ली रूट पर अप-डाउन का यातायात ठप हो गया। दर्जनभर ट्रेनें प्रभावित हुईं। तकरीबन आठ घंटे बाद ओएचई को ठीक किया गया। वहीं, इसी बीच अप-डाउन की कुछ ट्रेनों को तीसरी लाइन से गुजारा गया।
घटना गुरुवार सुबह तकरीबन 7:15 बजे आगरा मंडल के शोलाका स्टेशन पर हुई। ओएचई तार के टूटने की सूचना चालक ने कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद आगरा से टॉवर वैगन को रवाना किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दिल्ली जाने वाला ट्रैक सुबह 9.37 बजे शुरू कर दिया। अप यानी आगरा आने वाले ट्रैक को 2:26 बजे शुरू किया जा सका। यातायात प्रभावित होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी हुई।
ये ट्रेनें प्रभावित रही
स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस 4.25 घंटे, तमिलनाडु एक्सप्रेस 3.15 घंटे, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 1.5 घंटे, दुर्ग-जम्मूतवी एक्सप्रेस 3.15 घंटे, पश्चिम एक्सप्रेस 2.40 घंटे, अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस 1.25 घंटे, जनता एक्सप्रेस 1.10 घंटे, ताज एक्सप्रेस 1.15 घंटे, गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस 1.35 घंटे, हीराकुंड एक्सप्रेस 1.25 घंटे, मंगला एक्सप्रेस 1.55 घंटे, कर्नाटक एक्सप्रेस 1.20 घंटे, पातालकोट एक्सप्रेस 1.10 घंटे, समता एक्सप्रेस 1.35 घंटे, केरला एक्सप्रेस 1.45 घंटे, झेलम एक्सप्रेस 1.55 घंटे, उत्कल एक्सप्रेस 1.20 घंटे। नांदेड़-अमृतसर एक्सप्रेस 50 मिनट तक बीच ट्रैक पर खड़ी रही।