कैंपस में हंगामा करते एनएसयूआई के कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों के समर्थन में शुक्रवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर में कुलपति की बैठक के दौरान हंगामा किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान गेस्ट हाउस में बैठक चल रही थी। कार्यकर्ताओं ने उसमें घुसने की कोशिश की तो सुरक्षा गार्डों के साथ धक्का-मुक्की हुई।
एनएसयूआई कार्यकर्ता पहले कुलपति डॉ. अरविंद कुमार दीक्षित के कैंप कार्यालय पहुंचे। वहां पता चला कि कुलपति गेस्ट हाउस में बैठक कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने अंदर जाने की कोशिश की, उन्हें रोक दिया गया और गेट बंद कर दिया। कार्यकर्ता वहीं बैठकर नारेबाजी करने लगे। वह मांग कर रहे थे कि कुलपति खुद ज्ञापन लें।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. मनोज श्रीवास्तव कुलपति के प्रतिनिधि के तौर पर ज्ञापन लेने पहुंचे पर कार्यकर्ताओं ने मना कर दिया। बाद में कुलपति ने कहा कि जिन छात्रों के पास परिचय पत्र हैं, वह अंदर आकर अपनी बात रख सकते हैं। इसका भी कार्यकर्ताओं ने विरोध किया।
मौके पर पुलिस पहुंच गई। बाद में कार्यकर्ता कुलपति के कैंप कार्यालय के बाहर ज्ञापन चस्पा करके चले गए। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव शर्मा का कहना है कि कुलपति के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन चलाएगी। विरोध प्रदर्शन में दीपक शर्मा, सतीश सिकरवार, अंकुश गौतम, ललित त्यागी, अपूर्व शर्मा, गौरव शर्मा, भानु त्यागी, सचिन शर्मा, विवेक गौतम आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
ये मांगे लेकर पहुंचे थे
- विवि के बॉटनिकल गार्डन में गौशाला बना दी गई है। ग्रीन हाउस में भूसा भरा है, छात्रों को प्रैक्टिकल करने में परेशानी हो रही है, उसे खाली किया जाए।
- सभी परिसरों में परिचय पत्र से प्रवेश दिया जाए।
- खंदारी परिसर में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित किया जाए।
- छात्रों के लिए छात्रावास बनाया जाए।
- स्टूडेंट चार्टर लागू किया जाए।
- प्लेसमेंट सेल सुचारु रूप से शुरू की जाए।