मैनपुरी। कोरोना संक्रमण तथा हाईकोर्ट की गाइडलाइन के तहत दीवानी में अब मुकदमों की सुनवाई वर्चुअल कोर्ट में होगी। दीवानी में दो वर्चुअल कोर्ट बनाई गई हैं। वर्चुअल कोर्ट के लिए जिला जज तेजप्रताप तिवारी ने न्यायिक अधिकारियों के दिन और समय निर्धारित कर दिए हैं।
वर्चुअल कोर्ट नंबर एक में जिला जज तेजप्रताप तिवारी सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर 12.30 बजे से 1.30 बजे तक मुकदमों की सुनवाई करेंगे। सिविल जज अमित मिश्रा सोमवार, बुधवार, शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे से 11.30 बजे तक मुकदमों की सुनवाई करेंगे। वर्चुअल कोर्ट नंबर दो में मंगलवार को अपर जिला जज प्रथम वंशबहादुर यादव, बुधवार को स्पेशल जज एससी/एसटी एक्ट प्रदीप कुमार, बृहस्पतिवार को स्पेशल जज डकैती नासिर अहमद दोपहर 1.30 बजे से 2.30 बजे तक मुकदमों की सुनवाई करेंगे।
वर्चुअल कोर्ट नंबर दो में गौरव प्रकाश एसीजेएम प्रथम सुबह 10.30 बजे से 11.30 बजे तक मंगलवार और बृहस्पतिवार को सुनवाई करेंगे। बुधवार को किशोर न्याय बोर्ड के मुकदमों की सुनवाई करेंगे। सुबह 11.30 बजे से 12.30 बजे तक सिविल जज योगेश शिवा सोमवार को, जेएम प्रथम प्रियंका वर्मा मंगलवार को, जेएम द्वितीय मीनाक्षी बंसल बुधवार को, अपर सिविल जज षष्टम अंकुर सिंह सोलंकी बृहस्पतिवार को, अपर सिविल जज अष्टम प्रशांत वर्मा शुक्रवार को सुनवाई करेंगे।
वकीलों को ही मिलेगा प्रवेश
वर्चुअल कोर्ट में हाईकोर्ट की गाइडलाइन के तहत सुनवाई होगी। वर्चुअल कोर्ट में केवल वकीलों को ही प्रवेश मिलेगा। वादकारियों को वर्चुअल कोर्ट में नहीं जाने दिया जाएगा। एक बार में एक ही मामले की सुनवाई होगी। दोनों पक्षों के वकील गाइडलाइन का पालन करके वर्चुअल कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखेंगे।
सामान्य तारीखें लगाई गईं
दीवानी न्यायालय दो दिन बंद रहने के कारण क्रियाशील दस अदालतों में पहले से सूचीबद्ध मुकदमों की सुनवाई आगे बढ़ा दी गई है। जिला जज तेजप्रताप तिवारी के निर्देश पर सभी मुकदमों में सामान्य तारीखें लगाई गई हैं। 27 अप्रैल को सुने जाने वाले मुकदमे 11 मई को और 28 अप्रैल को सुने जाने वाले मुकदमे 12 मई को सुने जाएंगे।