पंजीकरण नहीं मिलने पर दो क्लीनिक संचालकों को नोटिस जारी
- नोडल अधिकारी झोलाछाप ने भोगांव और बेवर में मारा छापा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सीएमओ के निर्देश पर जिले में अवैध क्लीनिकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को नोडल अधिकारी झोलाछाप ने बिना पंजीकरण के भोगांव और बेवर में क्लीनिक संचालित होने की शिकायत पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान क्लीनिक संचालक पंजीकरण संबंधी अभिलेख नहीं दिखा सका इस पर उन्हें नोटिस जारी किया गया।
सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता को शुक्रवार की सुबह शिकायत मिली कि भोगांव और बेवर में कुछ क्लीनिक बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं। यहां मरीजों से मनमाने तरीके से धन उगाही की जा रही है। सीएमओ के निर्देश पर नोडल अधिकारी झोलाछाप डाॅ. अजय कुमार भोगांव स्थित डॉक्टर मोहम्मद इलियास के यहां छापा मारा। कार्रवाई के दौरान क्लीनिक संचालक पंजीकरण संबंधी अभिलेख नहीं दिखा सका। यहां मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा था। क्लीनिक संचालक को नोटिस दिया गया कि तीन दिन के अंदर पंजीकरण संबंधी अभिलेख उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें अन्यथा उनका क्लीनिक सील करा दिया जाएगा।
बेवर में नोडल अधिकारी ने डॉ. राजीव क्लीनिक पर छापा मारा। यहां भी संचालक पंजीकरण संबंधी जरूरी अभिलेख नहीं दिखा सका। इस पर यहां के संचालक को भी नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर अभिलेख सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।