नोडल अधिकारी ने तीन क्लीनिक संचालकों को जारी किया नोटिस
- निरीक्षण करने पहुंचे नोडल अधिकारी को पंजीकरण नहीं दिखा सके संचालक
संवाद न्यूज एजेंसी
बरनाहल। कस्बा और क्षेत्र में बिना पंजीकरण के चल रहे अस्पताल और क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी ने शुक्रवार को छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान बिना पंजीकरण के चल रहे क्लीनिक संचालकों को नोडल अधिकारी ने नोटिस थमाते हुए जवाब मांगा है। जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
नोडल अधिकारी झोलाछाप डॉ. अजय कुमार ने पुलिस बल के साथ दिहुल स्थित धन देवी क्लीनिक, मां वैष्णो देवी क्लीनिक, सूर्य क्लीनिक आदि पर छापामारा। इस दौरान क्लीनिक संचालक पंजीकरण और डॉक्टरों से संबंधित अभिलेख नहीं दिखा सके। नोडल अधिकारी ने नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में अभिलेखों सहित स्पष्टीकरण मांगा है। कस्बा में कार्रवाई होता देख अन्य कई क्लीनिक संचालक शटर डालकर दुकान बंद कर भाग गए। नोडल अधिकारी ने पीएचसी बरनाहल पहुंचकर यहां दवाओं की जानकारी ली।