थाने में पेश हुए अधिवक्ता
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की पत्नी और वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा यादव सहित परिवार के छह लोगों पर थाना जैथरा में रिपोर्ट दर्ज है। इसमें उन पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। थाना पुलिस ने 21 मई को उनके आवास पर नोटिस चस्पा कर थाने में हाजिर होने के निर्देश दिए थे, लेकिन वह थाने नहीं पहुंचीं।
सोमवार को उनके अधिवक्ता उनका पक्ष रखने पहुंचे। उनकी ओर से जवाब दाखिल किया, लेकिन पुलिस इससे संतुष्ट नहीं है। जैथरा थाना प्रभारी ने बताया कि अधिवक्ता को दूसरा नोटिस दे दिया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष जहां चाहें जानकारी देकर अपने बयान दर्ज करा सकती हैं। ऐसा न करने पर एक और नोटिस देकर न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी कराए जाएंगे।
सीओ सिटी कालू सिंह ने कहा कि न्यायालय से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व पूर्व विधायक के गैंगस्टर एक्ट मामले में धारा 82 के नोटिस जारी हुए हैं। नोटिस उनके प्रतिष्ठानों पर चस्पा किए जाएंगे। वहीं मुनादी कराई जाएगी। निर्धारित समय बाद धारा 83 की कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्क की जाएगी।