नववर्ष मनाने के लिए देश विदेश से श्रद्धालु वृंदावन आने लगे हैं। प्रभु दर्शनों के साथ नववर्ष का स्वागत करेंगे। इसके लिए पुलिस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक नगर में बाहरी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इसके लिए गैर जनपदों से भी पुलिस बल की आमद की जाएगी।
नगर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के साथ नववर्ष मनाने आएंगे। नगर की यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा 25 दिसंबर से ही नगर में वाहनों का प्रवेश बंद हो जाएगा।
यह प्रतिबंध 5 जनवरी तक रहेगा। छटीकरा की ओर से नगर में आने वाले वाहनों को रुक्मिणी विहार स्थित मल्टी स्टोरी पार्किंग पर रोक दिए जाएंगे। यमुना एक्सप्रेसवे की ओर से नगर में आने वाले वाहनों को दारुक पार्किंग पर वाहनों को रोका जाएगा। पार्किंग से श्रद्धालु ई रिक्शा से मंदिर तक आ सकेंगे।
कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि नववर्ष पर आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए यातायात प्लान तैयार किया जा रहा है। अन्य थानों से भी पुलिस बल की आमद 24 दिसंबर को होगी। पुलिस बल सभी प्रवेश मार्गों पर लगाया जाएगा।