कोसीकलां(मथुरा)। प्रदेश के पशुधन दुग्ध विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत 2.18 करोड़ की लागत से बनाए गए आश्रय सदन का शनिवार को लोकार्पण किया। इस मौके पर चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि वह कोसी के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान बेघरों को आवास देने के लिए एक हजार फ्लैटों का निर्माण कराया था। कुछ फ्लैटों का आवंटन नहीं हो सका था। बचे फ्लैटों को जल्दी से आवंटन करा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शेल्टर होम का उपयोग सही तरह से हो, इसकी हम सब लोगों की जिम्मेदारी बनती है। ब्रज के प्रमुख तीर्थ स्थल पर आने -जाने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है। आश्रय सदन उनके लिए बेहतर विकल्प होगा। इसके लिए नगर पालिका प्रशासन को सदन का व्यापक प्रचार-प्रसार करना चाहिए। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस आश्रय सदन में एक साथ 70 लोग ठहर सकते हैं।
इस मौके पर चेयरमैन नरेंद्र कुमार ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर बाहरी कॉलोनियों को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल कराने, पेयजलापूर्ति के लिए पानी की टंकी एवं लाइन डलवाने व सड़कों के निर्माण कराए जाने की मांग की। जिस पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वे पूरा सहयोग करने को तैयार हैं यह चेयरमैन पर निर्भर करता है कि वे सरकार की योजनाओं का कैसे उपयोग करें। तरुण सेठ, मनोज फौजदार, होती चौधरी, सुभाष गोयल, कन्हैया लाल गोयल, योगेंद्र शर्मा, चंदर पौनियां, हरिओम गुप्ता, हुकम अग्रवाल, कर्मवीर सिंह, मैनुद्दीन चौधरी, सतीश वाल्मीकि, गिर्राज बाल्मीकि, विजय मेंबर, सुरेश प्रधान, आबिद मेंबर, असलम मेंबर, बॉबी बोहरे, डॉ. केपी सिंह, राजवीर सिंह थे। संचालन जिला पंचायत सदस्य नरदेव चौधरी ने किया।