नेक्स्ट के खिलाफ मेडिकल छात्रों का विरोध
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर नेशनल एग्जिट एग्जाम (नेक्स्ट) के विरोध में प्रदर्शन किया गया। कक्षाओं का बहिष्कार करते हुए छात्र पोस्टर-बैनर लेकर एसएन मेडिकल कालेज पुस्तकालय के सामने एकत्रित हुए। छात्रों का तर्क था कि एमबीबीएस पास करने के लिए 16 एग्जाम देने होते हैं इसके बावजूद नेक्स्ट। छात्रों ने कॉलेज परिसर में प्रतीकात्मक मानव शृंखला बनाई। आईएमए ने पीएम मोदी के नाम कार्यवाहक प्राचार्य डा. अजय अग्रवाल को ज्ञापन दिया।
आईएमए अध्यक्ष डा. आरएस कपूर का कहना है कि प्रस्ताव लागू होने पर नेक्स्ट पास होने के बाद ही छात्र पीजी में प्रवेश ले सकेगा। प्रैक्टिस के लिए एमसीआई भी तभी ही रजिस्टर्ड करेगी। आईएमए प्रदेश उपाध्यक्ष डा. शरद गुप्ता का कहना है कि विदेश से डिग्री लाने वाले छात्रों का स्क्रीनिंग टेस्ट खत्म करने पर विचार हो रहा है। वहीं ये प्रस्ताव लागू होने से अपने शैक्षणिक संस्थानों की योग्यता पर ही प्रश्न चिह्न लग जाएगा। डा. मुकेश गोयल, डा. आलोक मित्तल, मेडिकल छात्रों में शिवम उपाध्याय, रिजवान मलिक, शिरीष जादौन, सत्यम अग्रवाल, जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।