कासगंज। नए साल के जश्न पर कोरोना संकट का साया छाया रहा। लोगों ने होटल ढाबों आदि पर कार्यक्रमों के आयोजन से परहेज रखा। अपने घरों पर ही परिवार संग पार्टी का आयोजन कर वर्ष 2020 को अलविदा कहा और 2021 का स्वागत किया।
कोरोना संकट के प्रभाव से नए साल का जश्न भी अछूता नहीं रहा। पूर्व में विदाई एवं आगमन को लेकर आयोजित होने वाले सामूहिक कार्यक्रम इस बार नहीं हुए। होटल, ढाबों आदि पर रात के समय रहने वाली रौनक गायब रही, जिससे संचालक काफी मायूस नजर आए। लोगों ने अपने परिवार के साथ ही घर पर जश्न मनाया।
शाम ढलने के साथ ही लोगों ने नए साल के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दीं। जैसे जैसे मध्यरात्रि का समय नजदीक आता गया उनका उत्साह बढ़ता गया। लोग घड़ी की दोनों सूई के आपस में मिलन का बेसब्री से इंतजार करने लगे। एक एक पल काटना भारी हो गया। जैसे ही घड़ी ने 12 बजाए लोग मस्ती में आ गए। अपने बुजुगों से आशीर्वाद लेकर नई राह पर चलने का संकल्प लिया।
सोशल साइट्स पर शुभकामना संदेश की भरमार
नए साल की शुभकामना देने के लिए सोशल मीडिया का पूरा उपयोग किया। पूर्व संध्या से ही फेसबुक, ट्विटर, वाटसएप, सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बधाई संदेश तैरने लगे। फेस टू फेस, वॉइस रिकार्ड, डिजिटल न्यू इयर पिक्चरों को भेजकर बधाईयां दी गई।
नए साल का स्वागत अपने परिवार के सदस्यों के साथ ही किया गया। अपने माता पिता के चरण स्पर्श कर उनका आशीष लिया। - कुनाल गुप्ता
नए साल के स्वगत के लिए अपने घर पर ही कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के साथ अपनी सहेलियों बुलाया। निशा राजपूत