बहन के साथ मारपीट से आहत भाइयों ने उसके पति का कार से अपहरण कर लिया था। इस मामले में उन पर कार्रवाई हुई, तो पत्नी भाइयों के पक्ष में आ गई है। उसने पति पर मारपीट का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के खेरिया गांव में बृहस्पतिवार को हुए हरदेव के अपहरण कांड में अब नया मोड़ सामने आया है। अपहृत किसान हरदेव की पत्नी ने पुलिस में तहरीर देकर अपने ही पति सहित तीन लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
Trending Videos
पत्नी लक्ष्मी देवी का आरोप है कि घटना वाले दिन हरदेव और गांव के ही सतेंद्र और राजू ने उनसे मारपीट की थी। इस आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लक्ष्मी देवी ने आरोप लगाया है कि उसका पति हरदेव आए दिन विवाद करता है। 3 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे हरदेव ने उसे पकड़कर पीटा था। इसी दौरान राजू और सतेंद्र ने भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। शोर सुनकर उनकी बहन ललिता पहुंची और किसी तरह उन्हें बचाया था।
पीड़िता का आरोप है की घटना के बाद भी राजू और सतेंद्र ने उसे धमकाया था। मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर हरदेव, राजू और सतेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। बृहस्पतिवार को हरदेव का अपहरण उसकी पत्नी के भाइयों ने कर लिया था। जिन्हें पुलिस और ग्रामीणों ने पीछाकर पकड़ लिया था। वहीं अब पत्नी की ओर से दर्ज हुए मुकदमे के बाद मामला और पेचीदा हो गया है।