राष्ट्रीय लोक अदालत ने शनिवार को आगरा में नया इतिहास रच दिया। सुबह 10 से शाम चार बजे के बीच छह घंटों में 80, 373 मुकदमे निपटाए गए। आठ करोड़ नौ लाख 16 हजार 155 रुपये क्षतिपूर्ति के रूप में दिलाया गया। इससे पहले रिकार्ड 78,705 केस निपटाने का था, जो पिछले साल दिसंबर में बना था।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन देश भर में किया गया। आगरा दीवानी कचहरी में जिला जज राजीव लोचन मेहरोत्रा ने शुभारंभ किया। नोडल अधिकारी मुमताज अली, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रवींद्र कुमार द्विवेदी समेत सभी न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
अदालत शुरू होने से पहले ही कचहरी में विशाल मेले जैसा नजारा था। हजारों वादकारी उम्मीद लिए पहुंचे थे। कुल 34 तरह के केस निपटाए गए। इनमें बैंक, बिजली, मोबाइल कंपनी, चकबंदी, दीवानी, दुर्घटना, रेलवे, मनोरंजन कर, गृहकर, जलकर शामिल रहे। पारिवारिक विवाद, तलाक के मामलों का भी निस्तारण किया गया।