नए साल में आगरा के चारों जोन ताजगंज, छत्ता, हरीपर्वत और लोहामंडी में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नई कंपनी काम करने लगेगी। नगर निगम ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नियम व शर्तों को तैयार किया है, जिसे शासन से मंजूरी मिल गई है।
निगम इसी सप्ताह टैंडर जारी करने वाला है, जिसके बाद नए साल में नई कंपनी का चुनाव किया जाएगा। एक साल से शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम नगर निगम कर रहा है, जिसमें केवल 48 फीसदी तक ही घरों से कूड़ा उठाया जा रहा है।
संबंधित खबर- ताजमहल के पास सफाई न होने पर 'बीवीजी' से करार खत्म, एक जनवरी से नई कंपनी संभालेगी जिम्मा
नगर निगम ने बीते सप्ताह ताजगंज और ताज के पास दो किमी क्षेत्र में सफाई का बीवीजी कंपनी का करार निरस्त कर दिया था। एक जनवरी से कंपनी काम बंद कर देगी। नगर निगम नई कंपनी की तलाश कर रहा है, जिसमें वह सफाई के साथ डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम भी करेगी। इससे दोनों काम आसान हो जाएंगे और प्रभावी सफाई रहेगी। इसी तरह शहर में भी चारों जोन में डोर टू डोर अगले साल जनवरी से शुरू कराया जाएगा।