आगरा जिले के खंदौली क्षेत्र के गांव बहरामपुर में शनिवार को खेत में पानी चले जाने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान गांव के युवक ने रिश्ते के चाच पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली जबड़े में जा घुसी। घायल को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
खंदौली थाना प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि बहरामपुर गांव निवासी भोला और सोनवीर परमार निवासी गांव बहरामपुर का गुढ़ा रोड पर मछली पालन का तालाब है। दो दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश से तालाब लबालब भर गया और तालाब की मेड़ टूट गई। पानी सहित मछली गांव के सुमित परमार के खेत में बह गईं और खेत में पानी भर गया। इस पर दोनों पक्ष में शनिवार देर शाम कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
जबड़े को पार गई गोली
आरोप है कि इसी दौरान आदित्य उर्फ एबी अपने पिता भोला के साथ वहां पहुंचा और उसने अपने रिश्ते के चाचा सुमित (28) को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। गोली सुमित के जबड़े में लगकर पार हो गई। गोली लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली मारे जाने की घटना से गांव में अफरातफरी मच गई।