मैनपुरी। नवोदय छात्रा की कथित हत्या और दुष्कर्म के मामले की प्रारंभिक जांच में निरीक्षक की ओर से लापवाही व शिथिलता बरती गई है। जांच में निरीक्षक का स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाते हुए तत्कालीन एसपी ने चरित्र पंजिका में परनिंदा लेख अंकित कराया है।
थाना भोगांव क्षेत्र में नवोदय विद्यालय के छात्रावास में 16 सितंबर 2019 को कक्षा 11वीं की छात्रा का शव गैलरी में फंदे पर लटका मिला था। घटना की जानकारी के बाद तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक पहुप सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी।
मामले में एसटीएफ की जांच रिपोर्ट में प्रभारी निरीक्षक पहुप सिंह को प्रारंभिक स्तर पर लापरवाही व शिथिलता का दोषी पाया गया था। जांच पर निरीक्षक की ओर से अपना स्पष्टीकरण तत्कालीन एसपी अविनाश पांडेय को दिया गया, लेकिन एसपी ने एसटीएफ की जांच को सही ठहराते हुए स्पष्टीकरण को असंतोषजनक करार दिया है। एसपी ने उच्चाधिकारी से परनिंदा लेख चरित्र पत्रिका में अंकित कराया है।
दोषी पाए जाने पर हटाए गए थे निरीक्षक
नौ मार्च को तत्कालीन एसपी अविनाश पांडेय ने पहुप सिंह के स्पष्टीकरण को असंतोषजनक बताते हुए कार्रवाई की थी। उन्हें थाने के चार्ज से भी हटा दिया गया था। उनके स्थान पर एसपी कार्यालय में रहे विजय गौतम को थाना प्रभारी बनाया गया था। पहुप सिंह को क्राइम ब्रांच भेजा गया था।
तत्कालीन एसपी की ओर से परनिंदा लेख चरित्र पत्रिका में अंकित कराया गया है। वर्तमान में मामले में जांच सही दिशा में चल रही है।
अशोक कुमार राय, एसपी