आगरा। गोबर चौकी क्षेत्र में नाला निर्माण के दौरान बेरिकेडिंग और ग्रीन नेट न लगाने पर नगर निगम प्रशासन ने ठेकेदार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही ठेकेदार को तत्काल बेरिकेडिंग सुनिश्चित करने व भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
गोबर चौकी और आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। पुराना नाला जर्जर होने से बरसात के मौसम में गोबर चौकी, शहीद नगर और विभव नगर की बस्तियों में पानी भर जाता था। हजारों लोगों को आने-जाने की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी के चलते निगम गोबर चौकी से मुगल पुलिया स्थित कब्रिस्तान तक पंद्रहवें वित्त आयोग की निधि से करीब 35 लाख रुपये की लागत से नया नाला निर्माण करा रहा है। क्षेत्रीय अवर अभियंता कृष्ण गोपाल ने नाला निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से बेरिकेडिंग नहीं मिली। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए अवर अभियंता ने ठेकेदार को बेरिकेड लगाने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को रिपोर्ट सौंप दी। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए ठेकेदार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। नगर आयुक्त ने कहा सभी अभियंताओं को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। जहां भी निर्माण कार्य में लापरवाही मिलेगी, वहां कार्रवाई की जाएगी।