जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र आवेदनों के निस्तारण में लापरवाही पर जोनल अफसरों को नोटिस दिया गया है। नगर आयुक्त के निर्देश के बावजूद हर दिन पोर्टल पर आने वाले आवेदनों को चेक कर निस्तारण नहीं किया जा रहा था।
आगरा में जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र संबंधी आवेदनों के निस्तारण में हीलाहवाली पर अपर नगर आयुक्त ने चारों जोनल अधिकारियों से जवाब तलब किया है। चारों को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। चारों ही अधिकारी नगर आयुक्त के निर्देश के बावजूद हर दिन पोर्टल पर आने वाले आवेदनों को चेक कर निस्तारण नहीं कर रहे थे।
विज्ञापन
नगर निगम प्रशासन ने जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के समयबद्ध निस्तारण के लिए विशेष ऑनलाइन पोर्टल लाॅन्च किया गया है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने निर्देश दिए हैं कि पोर्टल पर दर्ज सभी आवेदनों की जोनल अधिकारी समीक्षा करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी आवेदन में देरी न हो।
हाल ही में हुई समीक्षा में जोनल अधिकारी छत्ता के कार्यालय में 304 आवेदन, जोनल अधिकारी हरी पर्वत के पास 444 आवेदन, लोहा मंडी जोनल अधिकारी के पास 129 और जोनल अधिकारी ताजगंज के पास 242 आवेदन पिछले सात दिन से लंबित पड़े हैं। गंभीर लापरवाही मानते हुए अपर नगर आयुक्त ने शिशिर कुमार चारों अधिकारियों को नोटिस जारी कर 24 घंटे में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।