फिरोजाबाद के चर्चित नीरज हत्याकांड के तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फायरिंग के दौरान एक आरोपी को पैर में गोली लगी, जिससे वो घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
फिरोजाबाद के थाना लाइनपार पुलिस एवं एसओजी टीम ने रूपसपुर पुल के समीप चेकिंग के दौरान रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में नीरज उर्फ नीरू हत्याकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कर ली। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी पंचम सिंह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। नीरू हत्याकांड के दो आरोपित अभी फरार हैं।
विज्ञापन
थाना लाइनपार क्षेत्र के ठार कामरान निवासी नीरज यादव उर्फ नीरू (28) की 28 जुलाई को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने ठार नेपाल निवासी पंचम सिंह पुत्र रघुशौहर तथा उसके दो पुत्रों सनोज और सचिन के अलावा ठार बालकराम निवासी दो सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस तभी से हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। रविवार को तड़के थानाध्यक्ष लाइनपार सचिन कुमार एवं एसओजी टीम मुखबिर की सूचना पर तड़के रूपसपुर के समीप चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान बाइक पर सवार होकर तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस को निशाना बनाते हुए फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए फायरिंग करते हुए तीनों की घेराबंदी की। मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की तो गोली लगने से घायल हुए आरोपी ने अपना नाम ठार नेपाल निवासी पंचम सिंह पुत्र रघुशौहर तथा दो अन्य उसके पुत्र सनोज एवं सचिन बताया है। पुलिस ने तीनों के कब्जे से तीन तमंचा के साथ कारतूस बरामद किए हैं। तीनों नीरज उर्फ नीरू हत्याकांड में वांछित चल रहे थे।
पंचम पर दर्ज है 14 मुकदमे
एसपी सिटी सर्वेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि नीरज उर्प नीरू हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त पंचम सिंह शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर गुंडा एक्ट, हत्या, मारपीट, कातिलाना हमला सहित करीब 14 मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके दोनों पुत्रों सनोज व सचिन पर थाना मटसेना, लाइनपार और नगला खंगर में कई मामले में दर्ज हैं।
नीरज की हत्या वाले दिन दोनों पक्षों में हुआ था विवाद
पुलिस गिरफ्त में आए पंचम सिह ने पूछताछ के दौरान बताया कि नीरज उर्फ नीरू और आरोपी सचिन के बीच दिन में विवाद हो गया था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। इसके थोड़ी देर बाद ही नीरज अपने ताऊ मुन्नालाल के साथ रूपसपुर चौराहा से लौट रहा था। इसी दौरान मौका पाकर पंचम सिंह आदि ने नीरज को गोली मार दी थी।
एसपी सिटी सर्वेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि थाना लाइनपार पुलिस एवं एसएओजी टीम के मध्य रविवार को तड़के हुई मुठभेड़ में नीरज उर्फ नीरू हत्याकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी पंचम के पैर में गली लगी है। दोषियों के खिलाफ गैगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।