जिले में कोरोना का एक भी मरीज भले ही न मिला हो लेकिन प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। 25 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र के दिनों में इस बार राज राजेश्वरी कैलादेवी मंदिर समिति द्वारा नवरात्र महोत्सव का आयोजन नहीं किया जाएगा। मंदिर का मुख्य गेट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया जाएगा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
श्री राजराजेश्वरी कैलादेवी मंदिर समिति के मंत्री नरेंद्र शर्मा ने बताया है कि बुधवार को बैठक का आयोजन विपिन अग्रवाल की अध्यक्षता में किया गया। कोरोना वायरस के कारण राज्य व केंद्र सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत यह निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर में नवरात्र महोत्सव 25 मार्च से दो अप्रैल तक नहीं मनाया जाएगा।
इन दिनों में मंदिर का मुख्य द्वार पूरी तरह से बंद रहेगा। श्रद्धालुओ से अनुरोध है कि वो मंगला दर्शन, श्रृंगार दर्शन, भोग दर्शन एवं शायन आरती के साथ मां के दर्शन के लिए मंदिर न आएं। इसके साथ ही नेजा चढ़ाने पर भी पूरी तरह से रोक रहेगी।