जवाहर नवोदय छात्रा की कथित हत्या के मामले में एक बार फिर एसआईटी की जांच संदिग्धों के डीएनए पर आकर टिक गई है। रविवार को इंस्पेक्टर भोगांव परिवार व स्कूल के करीब 17 लोगों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डीएनए जांच के लिए सभी के खून के नमूने लिए गए।
इस मामले को साढ़े तीन महीने से अधिक का समय बीतने को है, लेकिन जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्रा की कथित हत्या का मामला सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। पहले स्थानीय पुलिस, इसके बाद एसटीएफ फिर एसआईटी भी शायद किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही है।
अभी तक करीब 12 संदिग्धों के पॉलीग्राफी टेस्ट कराए जा चुके हैं। 31 लोगों के डीएनए जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक एसआईटी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्कूल, सगे संबंधी से लेकर हर संदिग्ध व्यक्ति से एसआईटी कई बार पूछताछ कर चुकी है।