शुक्रवार को शाही जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद ताजनगरी को कोरोना वायरस के खतरे से निजात दिलाने की दुआ मांगी गई। अन्य मस्जिदों में भी कोरोना वायरस के खतरे से इमामों ने आगाह किया।
शाही जामा मस्जिद के इमाम इरफान उल्लाह खां निजामी ने कोरोना के मरीजों के जल्द तंदुरुस्त होने की दुआ की। इस्लामियां लोकल एजेंसी के चेयरमैन हाजी असलम कुरैशी ने कहा कि मुस्लिम बस्तियों में लोग साफ-सफाई का खास ध्यान रखें। अमजद कुरैशी, सरवर हुसैन, चौधरी मन्नू, इलियास सेठ, नईम सेठ, चौधरी इरफान अनवर, फरमान कुरैशी, हाजी बिलाल आदि मौजूद रहे।
गुड़ की मंडी स्थित इमली वाली मस्जिद में नमाज के बाद इमाम समी उल्लाह ने कोरोना वायरस से निजात की दुआ फरमाई। भारतीय मुस्लिम विकास परिषद के अध्यक्ष समी आगाई, सर्वदलीय एक्शन कमेटी के इरफान सलीम ने बचाव के लिए जरूरी बातें बताईं। बुंदन मियां, मुज्जमिल हुसैन, महमूद खान, रियाज खान आदि का सहयोग रहा।
कैंथ वाली मस्जिद में भी दुआ
मंटोला स्थित कैंथ वाली मस्जिद में नमाज के बाद कोरोना के खात्मे की दुआ मांगी गई। लोगों से संयम बरतने की अपील की। हिंदुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष डॉ. सिराज कुरैशी, आल इंडिया जमीतुल कुरैश के मोहम्मद शरीफ काले ने बताया कि यह बीमारी लाइलाज नहीं है।
खांसी जुकाम बुखार को हल्के में नहीं लें। चिकित्सक से परामर्श लें। कुरान ए पाक में हर बीमारी का इलाज बताया गया है। इस मौके पर शहजाद ठाकुर, हाजी चांद, ग्यास कुरैशी, जियाउद्दीन, मोहम्मद जावेद, हाजी कादिर, हाजी साबिर, मोहम्मद शकील आदि थे।