आगरा शहर के चौराहों पर लगे अवैध होर्डिंगों के कारण केवल एक महीने के अंदर ही नगर निगम को 55 लाख रुपये के टैक्स का नुकसान हुआ है। केवल निगम ही नहीं, बल्कि इन्हें लगाने के लिए करोड़ों रुपये की सड़कों और नए बने फुटपाथ, इंटरलॉकिंग टाइल्स को भी उखाड़ दिया गया है।
फ्लेक्स कारोबारियों और वेंडरों ने पीडब्ल्यूडी द्वारा एमजी रोड पर बनाए गए फुटपाथ, फतेहाबाद रोड पर स्मार्ट सिटी के फुटपाथ, यमुना किनारा पर नगर निगम और बाकी शहर में नगर निगम की करोड़ों रुपये की सड़कों की खोदाई कर बल्लियों पर अवैध होर्डिंग लगाए हैं। नगर निगम का विज्ञापन विभाग पांच दिन से इनके खिलाफ कार्रवाई करने से बच रहा है, जबकि मेयर नवीन जैन गुरुवार को ही अवैध होर्डिंग हटाने के आदेश दे चुके थे।
दुकान पर झुका होर्डिंग
मेरी दुकान के बाहर बिजली के पोल और एक बल्ली लगाकर होर्डिंग लगा दिया है। पूरी दुकान तो छिप ही गई, तीन दिन पहले तेज हवा में होर्डिंग झुककर दुकान के गेट पर गिरने के कगार पर है। - श्याम बिहारी, आवास विकास कॉलोनी
हो रहे हैं हादसे
चौराहों के मोड़ पर अवैध होर्डिंग ऐसे लगाए हैं कि सड़क पर वाहनों का दिखना बंद हो गया। अचानक से मुड़ने पर वाहन टकरा रहे हैं। इनके कारण हादसे हो रहे हैं। - नितिन जैन, बल्केश्वर
हटेंगे होर्डिंग
सोमवार को कुछ कार्यों के कारण अभियान शुरू नहीं हो पाया। नगर निगम की टीम अवैध होर्डिंगों को हटाने का काम करेगी। पूरे शहर में लगे अवैध होर्डिंग हटाए जाएंगे। - निखिल टी फुंडे, नगर आयुक्त
अवैध होर्डिंग हटाने को कहा
मैने नगर आयुक्त से अवैध होर्डिंग हटवाने के लिए कहा था, पर अब तक क्यों नहीं हटाए गए, इस पर उनसे वार्ता करूंगा। कोई भी अवैध होर्डिंग हो, उसे हटाएं, चाहे किसी का भी हो। हमारे यूनीपोल पर ही लगाएं।
- नवीन जैन, मेयर
ब्रज में बुखार का प्रकोप: डेंगू और वायरल से 12 लोगों की मौत, फिरोजाबाद में सबसे अधिक सात ने तोड़ा दम