मैनपुरी दीवानी में बुधवार की शाम डीजीसी फौजदारी तथा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के बीच हुई मारपीट का मामला गरमा गया है। डीजीसी की तहरीर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राणघातक हमला करने की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज की गई है। वहीं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने डीजीसी, उनके पुत्र और एक वकील के अलावा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राणघातक हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
बुधवार की शाम बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरभ यादव तथा डीजीसी फौजदारी वीरेंद्र कुमार मिश्रा के मध्य विवाद के बाद मारपीट हुई थी। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे थे। कोतवाली में पुलिस को घटना की जानकारी देने के बाद बिना तहरीर दिए ही लौट गए थे। देर शाम डीजीसी वीेरेंद्र कुमार मिश्रा ने दी गई तहरीर में कहा कि शाम को वह अपने पुत्र पवनेंद्र के साथ बस्ते के पास खड़े थे। तभी अध्यक्ष सौरभ यादव, सचिव संतोष यादव, प्रवीन यादव, सुनील यादव, शशिवेंद्र उर्फ बनिया निवासी पचपुखरा वहां आए। गालियां देते हुए सौरभ यादव ने जान से मारे की नीयत से रिवाल्वर से फायर कर दिया जो मिस हो गया। मौके पर आए गए अतुल शुक्ला तथा अन्य लोगों ने उनको बचाया है।
वहीं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरभ यादव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह शाम पांच बजे बार एसोसिएशन के सभागार में गिफ्ट वितरण के संबंध में वार्ता कर रहे थे। तभी डीजीसी वीरेंद्र कुमार मिश्रा, उनके पुत्र पवनेंद्र मिश्रा, अतुल शुक्ला दो आात लोगों के साथ पहुंचे। गिफ्ट वितरण को लेकर विवाद करने के बाद गालियां दीं। मारपीट करके जान से मारने की नीयत से गला दबाया। जिससे उनका दम घुटने लगा। सभागार में मौजूद सचिव संतोष कुमार यादव, सुनील कुमार यादव ने उनको बचाया। सभागार में और लोगों को आते देख सभी लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
अधिवक्ता ने भी बार अध्यक्ष पर कराई एफआईआर
दीवानी के अधिवक्ता आनंद कुमार सिंह यादव ने भी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरभ यादव व पांच छह अन्य अज्ञात के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में कहा है कि एक फरवरी को वह अपने चैंबर नंबर बी-2 के बाहर खड़े थे। तभी अध्यक्ष सौरभ यादव अपने पांच छह साथियों के साथ लाठी डंडे लेकर चैंबर पर आए। चैंबर का ताला तोड़कर अवैध रूप से कब्जा कर लिया। मना करने पर गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इन लोगों ने ही 30 जनवरी को चैंबर में ताला डाल दिया था। तहरीर तथा वीडियो इंसपेक्टर के सीयूजी नंबर पर भी भेजा गया था। इसके बाद से दीवानी परिसर में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दर्ज रिपोर्ट पर जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बार एसोसिएशन के चुनाव के बाद से ही दोनों पक्षों में मनमुटाव हो गया था। बुधवार शाम को दोनों पक्ष दीवानी में आमने-सामने आ गए और विवाद हो गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - ,