कासगंज। जिला सराफा एसोसिएशन की बैठक बिलराम गेट पर आयोजित हुई। जिसमें केंद्र सरकार के बजट में सोने चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाए जाने पर कारोबारियों ने चिंता व्यक्त की। कारोबारियों ने तस्करी को बढ़ावा मिलने की आशंका जाहिर की।
जिला महामंत्री दीपक गुप्ता ने कहा कि सोने चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाए जाने से सोने चांदी की कीमतों में काफी उछाल आ गया है। सोना 60 हजार रुपये तोले के नजदीक पहुंच गया है। वहीं चांदी की कीमत भी 70 हजार रुपये किलो से अधिक हो गई है। ऐसे में सोना चांदी की तस्करी की आशंका बढ़ गई है।
जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार जाखेटिया ने कहा कि सोना चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाए जाने से सराफा कारोबार प्रभावित हो गया है। कीमतें बढ़ जाने से सीजन में भी ग्राहक आना कम होने लगे हैं। शहर अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने आशंका जाहिर की कि यदि यही हाल रहा तो शीघ्र ही सोना 65 000 रुपये तोला पहुंच सकता है। वहीं चांदी पर भी रिकार्ड तोड़ मंहगाई आ सकती है।
जिला संसदीय महामंत्री विपुल गर्ग एवं जिला प्रभारी प्रदीप गुप्ता ने कहा कि सराफा संगठनों ने सरकार से आयात शुल्क कम करने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने उक्त मांग को नजर अंदाज कर आयात शुल्क मे बेतहाशा बृद्वि कर दी। सरकार के इस कदम से ग्राहकों पर भी आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अनिरूद्व पल्तानी, जिला संयोजक योगेश गौड, जिला कोषाध्यक्ष राहुल बिडला, जिला युवा अध्यक्ष अर्पित अग्रवाल, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप चंद्र गुप्ता हिना, आदि मौजूद रहे।