उत्तर प्रदेश मुस्लिम महापंचायत की ओर से सोमवार को गोमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग के मद्देनजर राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। पदाधिकारियों ने सदर भट्टी सड़क स्थित कार्यालय से जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर गोमाता का अपमान नहीं सहेगा मुसलमान, रहीम हमारा है, राम भी हमको प्यारा है और गोमाता के सम्मान में मुस्लिम महापंचायत मैदान में जैसे नारे लगाते हुए जिला मुख्यालय तक पहुंचे।
प्रदेश सरपंच नदीम नूर ने कहा कि गोमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग अब जनभावना बन चुकी है। यदि एक माह के भीतर सरकार ने इस दिशा में कदम नहीं उठाया तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।
प्रदेश अध्यक्ष एमए काजमी ने कहा कि सभी धर्म में माता का सम्मान सर्वोपरि है और गोमाता की रक्षा एवं सम्मान के लिए उन्हें राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए। ज्ञापन में गोसंरक्षण के लिए एसआईटी गठन, समय-समय पर जांच तथा अवैध वसूली करने वालों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
राष्ट्रीय ब्रह्म सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित संजय शर्मा, सुगम शिवहरे और अजय वाल्मीकि भी प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान मोनिका नाज खान, अमजद कुरैशी, फरमान कुरैशी, आरिफ अल्बी, आबिद कुरैशी, परवेज खान, मुस्तक कुरैशी, यासीन सिद्दीकी, आसिफ अघाई, अकीब हुसैन, सबीर खान, लकी कुरैशी, रिंकू उस्मानी, इमरान अब्बास आदि मौजूद रहे।