शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिसटीम
- फोटो : अमर उजाला
भोगांव थाना क्षेत्र की जलालपुर नहर पटरी के पास अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। गर्दन और चेहरे को सूखी मिट्टी से दबाने का प्रयास किया गया। जानकारी मिलने के बाद एसपी सहित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पहचान न होने के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया है।
थाना भोगांव क्षेत्र में गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे कुछ ग्रामीण जब जलालपुर नहर पटरी के पास से गुजर रहे थे, तभी कुछ दूरी पर झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। जानकारी पर एसपी अजय कुमार, एएसपी ओमप्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी प्रयांक जैन, इंस्पेक्टर पहुप सिंह मौके पर पहुंचे।
मृतक युवक के शरीर पर सिर्फ अंडरवियर और पैरों में मौजे थे। युवक का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। पास ही काफी सूखा हुआ खून भी पड़ा हुआ था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन कोई शिनाख्त नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया। एसपी ने प्रभारी निरीक्षक को घटना का जल्द खुलासा किए जाने के निर्देश दिए हैं।