त्योहारी सीजन में अतिक्रमण पर निगम ने चेतावनी दी, तो कारोबारियों के तेवर बदल गए। बिजली घर और सुभाष बाजार में नगर निगम टीम से कारोबारियों की नोक झोंक हुई।
त्योहारों के सीजन में बाजारों में भीड़ बढ़ने के साथ ही दुकानदारों ने फुटपाथों पर अतिक्रमण कर लिया। सोमवार को नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। निगम की प्रवर्तन टीम ने बिजली घर, सुभाष बाजार और नूरी दरवाजा क्षेत्रों में दुकानों के बाहर रखे सामान, काउंटर और नालियों पर किए गए कब्जे को हटवाया। इस दौरान निगम की टीम से व्यापारियों की बहस भी हुई।
विज्ञापन
कारोबारियों का कहना था कि त्योहार को देखते हुए ग्राहक सुविधा के लिए सामान बाहर रखना उनकी मजबूरी है। इस समय कार्रवाई से उनके कारोबार पर नकारात्मक असर पड़ेगा। आरोप लगाया कि निगम जानबूझकर दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने निगम प्रशासन की कार्रवाई को गलत ठहराते हुए विरोध दर्ज कराया।
इधर, नगर निगम अधिकारियों का कहना था कि दुकानों के बाहर फुटपाथ पर सामान रखने से पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है। आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। चेतावनी दी कि अगर आगे भी दुकानदारों ने अतिक्रमण किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।