दिल्ली के चांदनी चौक में करोड़ों रुपये के सोने के जेवरात की कथित धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली क्राइम ब्रांच ने आगरा के कोतवाली क्षेत्र में दबिश देकर तीन लोगों को पकड़ा। आरोप है कि अहमदाबाद के सराफ से मंगवाए गए जेवरात की डिलीवरी के बाद भुगतान नहीं किया गया।
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने बुधवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र में दबिश देकर तीन लोगों को पकड़ा है। इन पर चांदनी चौक इलाके में हुई करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप है। जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद टीम सभी को अपने साथ ले गई। थाना पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी गई।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद निवासी सराफ को सोने के जेवरात का ऑर्डर दिया गया था। जेवरात दिल्ली के पते पर मंगवाए गए थे। जेवरात की डिलीवरी कर दी गई मगर रकम का भुगतान नहीं किया गया। सराफ ने पुलिस से शिकायत की। मामले में जल्द प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। करोड़ों का सोना होने का मामला होने के कारण दिल्ली क्राइम ब्रांच को लगाया गया। जेवरात को अहमदाबाद के तीन लोगों ने खरीदवाने में मदद की थी।
पुलिस की दबिश से पहले वो भाग निकले। बाद में तीनों की लोकेशन आगरा में आई। बुधवार रात को दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम दो गाड़ियों में आई। कोतवाली क्षेत्र में दबिश देकर तीनों को पकड़ लिया। इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई। एसीपी सदर अमिषा सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र से पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है। उन्हें टीम अपने साथ लेकर गई है।