घायल से हाल पूछते मुलायम सिंह यादव
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी जिला अस्पताल पहुंचकर बस हादसे में घायल लोगों का हाल जाना। उनके परिवार को सांत्वना दी। साथ ही हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
बुधवार सुबह को करहल थाना क्षेत्र में जयपुर से फर्रुखाबाद जा रही स्लीपर बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई थी। हादसे में 17 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।
घायलों को मैनपुरी जिला अस्पताल और सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दोपहर बाद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव घायलों से मिलने जिला पहुंचे। उन्होंने प्रत्येक घायल से हाल जाना।
मुलायम सिंह ने कहा कि यह बस हादसा हृदय विदारक था। वो इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। इसके साथ ही सपा संरक्षक ने पीड़ितों को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।