मुरैना से आए लोगों को पुलिस ने स्कूल में ठहराया
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के मुरैना प्रशासन ने रविवार की रात चुपचाप 31 लोगों को चंबल नदी पार कराकर पिनाहट भेज दिया। यहां जानकारी होने पर पुलिस ने इन सभी को स्कूल में रखा है। उनके खाने आदि की व्यवस्था कराई। ये लोग फर्रुखाबाद के हैं, जो श्योपुर एक शादी में गए थे।
रविवार रात करीब दस बजे क्योरी घाट पर चंबल नदी पार कर मुरैना से पिनाहट की ओर आ गए। बाहरी लोगों के नदी पार करते देख ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को प्राथमिक विद्यालय क्योरी बीच का पुरा में रखा।
इन लोगों ने बताया कि वे फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव दौलतपुर चकई के रहने वाले हैं। सभी मध्यप्रदेश के श्योपुर में एक शादी समारोह में गए थे। दूसरे दिन लॉकडाउन हो जाने से फंस गए थे। अब तक वहीं मजदूरी कर गुजारा किया। अब सरकार ने बाहरी लोगों को जाने की छूट दी, तो श्योपुर प्रशासन ने उन्हें मुरैना तक पहुंचाया। मुरैना पुलिस ने रात में उन्हें पैदल ही नदी पार करा दिया।