आगरा में सप्ताहांत ताजमहल पर पर्यटकों की बहार लेकर आया। दो दिन में 46 हजार से अधिक पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया है। रविवार को सुबह से ही सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। 26,252 देसी विदेशी पर्यटकों ने ताज को निहारा। पूरे दिन ताज के दोनों गेटों पर लंबी लाइनें लगी रहीं। दूसरी लहर के बाद यह अब तक ताज पहुंचे पर्यटकों की सबसे बड़ी संख्या है। शनिवार को 20 हजार से अधिक पर्यटक यहां पहुंचे थे। पर्यटन उद्यमियों ने इस बढ़ोतरी पर खुशी जताई है।
रविवार को सुबह से ही ताजमहल में पर्यटकों के उमड़ने का सिलसिला शुरू हो गया। हालांकि इनमें बड़ी संख्या भारतीय पर्यटकों की ही रही, लेकिन इससे पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के चेहरे पर मुस्कान लौटने लगी है। ताज के पूर्वी और पश्चिमी गेटों पर दोपहर बाद तक लंबी लाइनें लगी हुई थीं। सूर्यास्त का नजारा देखने वाले पर्यटकों की भी कमी नहीं थी।