आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के आगामी शैक्षणिक सत्र में बीएड की करीब 6400 सीटें कम हो सकती हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 64 संबद्ध कॉलेजों के नाम बीएड की काउंसलिंग के लिए नहीं भेजने की योजना बनाई है। इन कॉलेजों ने संबद्धता बढ़ाने और शिक्षकों के अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी नहीं की है।
विश्वविद्यालय से संबद्ध 462 बीएड कॉलेज हैं। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 351 ऐसे कॉलेजों की सूची सार्वजनिक की गई थी, जिनमें शिक्षकों का अनुमोदन नहीं कराया गया। अस्थायी संबद्धता वाले 227 कॉलेजों ने संबद्धता विस्तारित नहीं कराई थी। प्रक्रिया पूरी करने के लिए कॉलेजों को 31 मई तक का समय दिया गया था। 64 कॉलेजों को छोड़कर बाकी ने संबद्धता विस्तारीकरण और शिक्षकों के अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
बीएड सत्र 2019-21 की प्रवेश परीक्षा रूहेलखंड विश्वविद्यालय ने कराई है। जल्द काउंसलिंग की तिथि घोषित होने वाली है। एक-दो दिन में काउंसलिंग के लिए कॉलेजों के नाम भेज दिए जाएंगे।