मैनपुरी। विकास खंड मैनपुरी के न्याय पंचायत कांकन के प्रधानाध्यापकों की बैठक संकुल केन्द्र कांकन के विद्यालय मधुपुरी पर आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि बीईओ रामशंकर कुरील ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की यूनीफार्म, जूता मोजा, स्वेटर, बैग की धनराशि अभिभावकों के खातों में भेजी जाएगी।
बीईओ ने कहा कि अभिभावकों के सहमति पत्र, बैंक की पास बुक छाया प्रति और आधार नंबर सभी विवरण सहित प्रेरणा पोर्टल पर अंकित करना है। दो दिन में उक्त कार्य को पूरा करना है। उन्होंने प्रधानाध्यापकों से कहा कि आपरेशन कायाकल्प के 19 बिंदुओं की सूचना सही भरी जानी चाहिए। सभी प्रधानाध्यापक खाद्य सुरक्षा भत्ता के तहत सभी विद्यालय बच्चों के अभिभावकों के खातों में धनराशि हस्तान्तरित करें। एआरपी महेश चंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि मिशन प्रेरणां के तहत प्रत्येक शनिवार को क्विज प्रतियोगिता में अधिक से अधिक बच्चों को प्रतिभाग करायें जिससे ब्लाक का नाम पूरे प्रदेश में पहले नंबर पर आ सके। उन्होंने शिक्षक डायरी कैसे भरेगें इसको भी करके सिखाया। एआरपी सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि हम सबको मिलकर अपने ब्लाक और जनपद को प्रेरक ब्लाक बनाना है। दिव्यांग बच्चों के बारे सर्वेश यादव ने बहुत सी योजनाओं की जानकारी दी। शिक्षक संकुल अनीता सिंह चौहान और शिवानी यादव ने कहा कि सभी प्रधानाध्यापक मलेरिया, डेंगू आदि संचारी रोगों से कैसे बचा जाए बच्चों तथा अभिभावकों को जागरूक करें। संचालन अरविंद चौहान ने किया।