सदर तहसील स्थित शिक्षा भवन के पास झुग्गी-झोपड़ी में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। इनमें कुछ लोग शनिवार को घर-घर जाकर तेल की मांग करते हैं। दुकान और घरों में नींबू-मिर्च टांगते हैं। अन्य दिनों में भीख मांगने का काम करते हैं। शुक्रवार सुबह 11 बजे 5 लोग शाहगंज की राधे वाली गली पहुंचे। अलग-अलग घरों में जाकर भीख मांगने लगे। तभी एक बच्चा गुजर रहा था। भीख मांगने वाला युवक उससे बात करने लगा।
क्षेत्र के लोगों ने बच्चा चोर होने के शक में पांचों को पकड़ लिया। भीड़ जुट गई। लोगों ने पांचों को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद एक सैलून में ले गए। सिर के आधे बाल कटवा दिए। इसका वीडियो भी लोगों ने बनाया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस पहुंची। एसीपी लोहामंडी गाैरव सिंह ने बताया कि पीड़ित भीख मांगकर गुजारा करते हैं। उनको बच्चा चोर के शक में पीटा गया। यह कृत्य अपराध की श्रेणी में आता है।
एक पीड़ित की तहरीर पर मारपीट, जान से मारने की धमकी, गाली-गलाैज की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें 25 अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं। वीडियो देखे जा रहे हैं। इनसे आरोपियों को चिह्नित किया जाएगा। संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।
तीन वीडियो आए सामने
पुलिस के मुताबिक, घटना के तीन वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में दिख रहा है कि तीन युवकों के बाल कटे हुए हैं। इनमें एक के खून भी निकल रहा है। आवाज में गाली-गलौज भी सुनी जा रही है। दूसरा वीडियो गली में खड़े लोगों का है। वह युवकों को पकड़कर ले जा रहे हैं। एक व्यक्ति युवकों को बच्चा चोर बता रहा है। तीसरा वीडियो एक सैलून का है। इसमें एक व्यक्ति बाल काट रहा है। लोग भी खड़े हुए हैं। लोग कह रहे हैं कि शिव नगर में बच्चा चोर पकड़े गए हैं। इन वीडियो के आधार पर ही पुलिस आरोपियों की पहचान में लगी है।