स्ट्रांग रूम के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी और पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
एमएलसी के लिए आगरा-फिरोजाबाद (स्थानीय प्राधिकारी) सीट पर शनिवार को हुए मतदान के बाद मतों की गिनती मंगलवार को होगी। सबसे पहले 25-25 मतपत्रों के बंडल बनेंगे। फिर 500 मतपत्रों का बंडल बनाकर मिक्सिंग होगी। सबसे पहले निरस्त मत गिने जाएंगे। कुल वैध मतपत्रों में 50 फीसदी से एक अधिक मत का वरीयता कोटा तय होगा। दोपहर एक बजे तक नतीजे घोषित हो जाएंगे।
शनिवार को 25 बूथों पर आगरा व फिरोजाबाद में 98.06 फीसदी मतदान हुआ था। 3,922 मतदाताओं में से 3,846 ने वोट डाला था। 25 बूथों की मतपेटियां शाहदरा स्थित नवीन गल्ला मंडी परिसर में बने स्ट्रांग रूम में सील हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यशवर्धन श्रीवास्तव ने बताया अनुसार, 60 कार्मिक मतगणना करेंगे। सोमवार को सदर तहसील में कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। तीस मिनट पहले साढ़े सात बजे स्ट्रांग रूम खुलेंगे। सात टेबल लगेंगे। एक राउंड में मतगणना पूरी हो जाएगी।
निरस्त मतपत्रों के बाद होगी वैध मतों की गिनती
उन्होंने बताया कि मतगणना की शुरुआत में सबसे पहले अवैध व निरस्त मतपत्रों की छंटनी होगी। फिर वैध मतपत्रों के आधार पर 50 फीसदी से एक अधिक मत का प्रथम वरीयता कोटा तय होगा। मतदाताओं ने पहली, दूसरी, तीसरी वरीयता में मतदान किया है। प्रथम वरीयता में 50 फीसदी से एक अधिक मत प्राप्त करने वाले उम्मीदवार को विजयी घोषित किया जाएगा। मतगणना के परिणाम दोपहर 12 बजे के बाद स्पष्ट हो जाएंगे।
मतदान के बाद भगवा खेमे में उत्साह
शनिवार को हुए मतदान के बाद भगवा खेमे में उत्साह है। भाजपा ने प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे को एमएलसी के लिए प्रत्याशी बनाया है। आगरा के नौ विधायक, दो सांसद, तीन मंत्री, मेयर व तमाम क्षेत्र व जिला पंचायतों के प्रतिनिधि मतदान के बाद उत्साहित नजर आ रहे हैं। वहीं, सपा प्रत्याशी डॉ. दिलीप सिंह तीन बार आगरा फिरोजाबाद सीट से एमएलसी का चुनाव जीत चुके हैं।