स्ट्रांग रूम के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी और पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
एमएलसी (स्थानीय प्राधिकारी) चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से शाहदरा स्थित नवीन गल्ला मंडी परिसर में शुरू होगी। मतगणना से 30 मिनट पहले स्ट्रांग रूम खुलेंगे। करीब तीन घंटे में परिणाम आ जाएंगे। मतगणना रिपोर्ट आयोग को भेजी जाएगी। आयोग से संस्तुति के बाद विजयी प्रत्याशी को प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं रिटर्निंग अफसर प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि मतगणना की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। सुरक्षा में अर्द्ध सैन्य बल तैनात रहेंगे। मंगलवार सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती होगी। मतगणना में करीब तीन घंटे का समय लगेगा। दोपहर एक बजे तक नतीजे आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि विजयी प्रत्याशी घोषित करने से पहले मतगणना रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी। वहां से संस्तुति मिलने के बाद प्रत्याशी को विजयी प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
एडीएम वित्त एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी यशवर्धन श्रीवास्तव ने बताया कि सबसे पहले निरस्त मतों को छांटा जाएगा। फिर वैध मतों का 50 फीसदी से एक अधिक वोट का प्रथम वरीयता कोटा तय होगा। वैध मतों का 50 फीसदी से एक वोट अधिक प्राप्त करने वाले प्रत्याशी को विजयी घोषित किया जाता है।
आगरा-फिरोजाबाद स्थानीय प्राधिकारी विधान परिषद सदस्य एक पद के लिए शनिवार को दोनों जिलों में 98.06 फीसद मतदान हुआ था। जिले में कुल 3922 मतदाता थे। इनमें 3846 ने वोट किया था। मतगणना के लिए मंडी परिसर में सात टेबल लगाई गई हैं। एक ही चक्र में मतगणना पूरी हो जाएगी।
अनाधिकृत लोगों को नहीं प्रवेश
जिलाधिकारी के मुताबिक मतगणना के दौरान अनाधिकृत व्यक्तियों को मंडी परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रत्याशी व उनके अभिकर्ताओं को मतगणना से एक घंटे पहले पहुंचना होगा। पास दिखाने पर ही उन्हें प्रवेश मिलेगा। मंडी के मुख्य द्वार पर पुलिस तैनात रहेगी। किसी भी तरह के विजय जुलूस या रैली आयोजित नहीं होगी।