कासगंज। ईंट लेने के लिए भट्ठे पर गया एटा के मारहरा क्षेत्र का युवक लापता हो गया है। कासगंज कोतवाली क्षेत्र में हजारा नहर के समीप युवक की साइकिल और चप्पलें मिली हैं। परिजन आशंकित हैं। पुलिस युवक की तलाश में जुट गई है। शुक्रवार सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि हजारा नहर के किनारे चप्पलें और एक साइकिल पड़ी है। इस पर पुलिस जांच के लिए पहुंची। तहकीकात शुरू की।
इधर मारहरा थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी जयपाल (30) पुत्र टोड़ी सिंह बृहस्पतिवार दोपहर को ईंट लेने भट्ठे पर नदरई क्षेत्र गया था। वह लापता हो गया। उसके परिजन तलाश कर रहे थे। किसी तरह जानकारी जयपाल के परिजनों को हुई तो वह हजारा नहर पहुंच गए। उन्होंने जयपाल की साइकिल और चप्पलें पहचान लीं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक बृहस्पतिवार दोपहर को ईंट लेने के लिए घर से निकला था। उसके पास 7 हजार रुपये थे। बृहस्पतिवार से ही उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस भी युवक की तलाश में जुट गई है।
मारहरा थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर के एक युवक की साइकिल और चप्पलें नहर किनारे मिली हैं। युवक के परिजनों ने बताया कि युवक बृहस्पतिवार से गायब है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। - राजीव सिरोही, कोतवाली प्रभारी।