वारदात के बाद माैके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के ईंट मंडी रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े पैदल जा रही महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की दो चेन छीन ली और भाग गए। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के इकबाल को चुनौती देने वाली घटना शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे की है। फरीदाबाद निवासी ललित कुमार दिल्ली बिजली बोर्ड में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया कि उनके मामा रिटायर्ड एसपी, यूपीपीसीएल शीतल प्रकाश आवास विकास काॅलोनी के सेक्टर एक में रहते हैं। शनिवार को उनके बेटे दीपक की शादी पश्चिमपुरी क्षेत्र के एक बैंक्वेट हाल में होनी है। शादी में शामिल होने के लिए वह आगरा आए थे।
पश्चिमपुरी से ईंटमंडी रोड पर श्याम वृंदावन अपार्टमेंट के सामने होटल पैराडाइज में रुके थे। पत्नी अर्चना दोपहर तीन बजे कुछ सामान लेने के लिए निकली थीं। होटल से कुछ ही दूरी पर पीछे से आए पल्सर बाइक सवार युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की दो चेन छीन लीं। धक्का लगने से अर्चना जमीन पर गिरी और चोटिल हो गईं। उन्होंने शोर मचाया और पीछा किया पर आरोपी भाग निकले। पत्नी की जानकारी पर उन्होंने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिकंदरा और जगदीशपुरा थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा और बैरिकेडिंग कर चेकिंग शुरू कर दी। वायरलेस पर सभी थानों को अलर्ट किया गया। आरोपियों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है।
सड़क पर ओपन बार, दिनभर फर्राटा मारते बाइकर्स
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोड पर पश्चिमपुरी चौकी क्षेत्र में शराब की दुकान के आसपास पुलिस की शह पर ओपन बार बना हुआ है। ठेल, ढकेल और खोखों पर हर वक्त शराबियों की भीड़ जमा रहती है। बीते कुछ दिनों से कुछ बाइकर्स मोडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों से दिन भर फर्राटा भरते हुए स्टंटबाजी करते हैं। अभियान चलने के बावजूद पुलिस का ध्यान उधर नहीं रहता है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। बाइक चिह्नित हो गई है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
-गौरव सिंह, एसीपी लोहामंडी