पीड़ित व्यापारी से जानकारी लेता पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में कमला नगर के तेज नगर में शुक्रवार दोपहर 12:15 बजे टप्पेबाज गैंग पुलिसकर्मी बन व्यापारी सुनील कुमार अग्रवाल से पांच लाख रुपये के गहने ले गया। बदमाशों ने पहले उन्हें चेकिंग के बहाने रोका। बाद में लूटपाट का डर दिखाकर गहने उतरवाकर कागज की पुड़िया में रख दिए। इस दौरान पुड़िया बदल भी दी। उसमें पत्थर के दो टुकड़े और नकली चूड़ी रखकर दे दी। पीड़ित को पुड़िया खोलने पर पता चला। उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
लोहे ही ढलाई का कारोबार है
सुनील कुमार अग्रवाल फेज-दो, सीताराम कॉलोनी के रहने वाले हैं। उनका लोहे की ढलाई का कारोबार है। वह दोपहर में श्रीराम चौक से एक्टिवा पर घर लौट रहे थे। तेज नगर के पास बाइक पर पीछे से आए दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। उनसे कहा कि काफी देर से आवाज दे रहे हैं। रुक क्यों नहीं रहे हो। व्यापारी ने बताया कि उन्होंने पूछा कि आप कौन हो। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया। कहा कि चेकिंग चल रही है। आगे लूट हो गई है। इतने गहने पहनकर चल रहे हो। इन्हें डिकी में रखे लो। तभी रास्ते से एक युवक निकलकर जा रहा था। वह भी गहने पहने था। उसकी दोनों ने तलाशी ली। उसे खरीखोटी सुनाई। उसके गहने उतरवाए और कागज की पुड़िया में रखकर दे दिए। उनसे भी ऐसा ही करने को कहा।
कागज की पुड़िया बनाकर दे दिया
सुनील कुमार ने हीरे सहित चार अंगूठी, चेन, सोने का कड़ा उतारा। एक बदमाश ने उन्हें लेकर कागज की पुड़िया बनाकर दे दिया। उन्हें स्कूटर की डिकी में रखवा दिया। दोनों चले गए। कुछ दूर चलने पर व्यापारी को शक हुआ। उन्होंने पुड़िया खोली तो उसमें जेवरात नहीं थे। पत्थर के दो टुकड़े और एक नकली चूड़ी रखी थी। उनके होश उड़ गए। व्यापारी ने बताया कि जेवरात दस तोले सोने के थे। हीरे की अंगूठी भी थी। इनकी कीमत तकरीबन पांच लाख रुपये है। राहगीर भी उनका साथी ही लग रहा था।