आगरा: बदमाशों की गोली से घायल ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
आगरा जनपद के थाना मलपुरा के गांव कराहरा में शनिवार देर रात बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने एक मकान से लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। बदमाशों की जानकारी ग्रामीणों को लग गई। इसके बाद ग्रामीण एकजुट हो गए और बदमाशों को घेर लिया। बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग में एक ग्रामीण जख्मी हो गया है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। घायल का इलाज कराया जा रहा है।
बदमाशों की घेराबंदी कर ली
घटना शनिवार रात की है। बताया गया है कि न्यू दक्षिणी बाईपास के किनारे गांव कराहरा में बदमाशों ने सुनील के मकान का जंगला तोड़ दिया। इसके बाद वे मकान में घुस गए। घर के अंदर बक्से से लगा ताला तोड़ दिया। उसमें रखे सोने के जेवर समेत नगदी चोरी कर ली। इसके बाद बदमाश ग्रामीण रणधीर के बाड़े में जा घुसे। इसी दौरान बाहर सो रहे रणधीर की आंख खुल गई। शक होने पर उन्होंने दूसरे जगह सो रहे भतीजे संदीप और भाभी गंगा देवी को मोबाइल पर कॉल लगाई और सूचना पर वे भी लाठी–डंडा लेकर आ गए। तीनों ने बदमाशों की घेराबंदी कर ली। ग्रामीण ने बताया कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने गोली चला दी। गोली 55 वर्षीय रणधीर के गाल को छूती हुई निकल गई। रणधीर लहूलुहान हो गए और जमीन पर गिर गए। उनकी हालत देखकर भतीजा और भाभी घबरा गए। वे रणधीर को संभालने में जुट गए। इसका फायदा उठाकर बदमाश भाग निकले। चीख पुकार सुन अन्य ग्रामीण आ गए।
घायल को स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई पुलिस
पुलिस घायल ग्रामीण को उपचार के लिए अकोला स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई। मलपुरा थाना प्रभारी अरुण बालियान ने बताया कि रणधीर की मेडिकल रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
मथुरा में सड़क दुर्घटना: दिल्ली-आगरा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक में घुसी कार, दंपती सहित चार की मौत