मंगलवार को फैक्टरी में काम कर रहे किशोर मजदूर हिमांशु पुत्र राजकुमार (15) और उसका चचेरा भाई सचिन पुत्र बंटी (15) निवासी प्रकाश नगर सामान ढो रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट टूट गई। तेज धमाके साथ लिफ्ट सीधे जमीन से जाकर टकराई। हादसे में दोनों किशोरों की मौत हो गई। घटना के बाद फैक्टरी में भगदड़ मच गई।
फैक्टरी मालिक ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। मौजूद अन्य मजदूरों ने म्रतकों के परिजन को सूचना दी। सूचना पर परिजन फैक्टरी पहुंचे। लेकिन, वहां ताला लगा था। हिमांशु के पिता राजकुमार ने बताया कि बाद में पता चला कि शवों को फैक्टरी मालिक ने एसएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। इसके बाद वह वहां पर पहुंचे।
परिजन का आरोप है कि दोनों किशोर चीनी के रोजा स्थित फैक्टरी में काम करते थे। मालिक आज उन्हें इस फैक्टरी में लेकर क्यों आया था ? परिजन का आरोप है कि फैक्टरी मालिक ने दोनों किशोरों की हत्या की है। बाद में हत्या को हादसा बताया जा रहा है। देर रात तक पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही। थाना प्रभारी राकेश कुमार चौहान ने बताया कि जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किशोरों के पिता करते हैं चिनाई का काम
हिमांशु दो भाई थे। छोटा भाई यश (11) है, जो अभी पढ़ाई कर रहा है। वहीं पिता राजकुमार चिनाई का काम करते हैं। सचिन तीन भाई थे। सुमित (11) और शिवम (17) हैं। इनके पिता बंटी भी चिनाई का काम करते हैं। एक साथ दो किशोरों की मौत की घटना के बाद परिवारों में चीख पुकार मची हुई है।