श्रम और सेवायोजना राज्यमंत्री रघुराज सिंह
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के श्रम और सेवा योजना राज्यमंत्री रघुराज सिंह मंगलवार को गोवर्धन पहुंचे। उन्होंने दानघाटी मंदिर में गिरिराजजी का दुग्धाभिषेक कर पूजा अर्चना की। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमारा भारत देश स्वर्ग है, जबकि अमेरिका पाताल लोक और अफ्रीका नरक लोक है।
राज्यमंत्री ने कहा कि भारत स्वर्ग लोक है। इस पर संदेह नहीं, वेदों में उल्लेख है। विश्वकर्मा भगवान सोने की लंका बनाने के बाद विश्राम के लिए सात समंदर पार अमेरिका गए थे, इसलिए वह पाताल लोक है। उन्होंने कहा कि विश्व को भारत ने चलाया, गोवर्धन नाथ ही चलाएंगे। गोवर्धन गिरिराज जी ने ही हमें विश्व चलाने की शक्ति दी है।
रघुराज सिंह ने कहा कि मैं ब्रज का एक छोटा सा कण हूं, ब्रज का काफी विस्तार है। इटावा तक का क्षेत्र ब्रज में आता है। गोवर्धन गिरिराजजी की कृपा से मंत्री बना हूं। गोवर्धन-मथुरा मार्ग के निर्माण पर राज्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में विकास कार्य प्रभावित हो गए थे। अब विकास कार्यों को तेजी से कराया जा रहा है।