खनन माफिया की धरपकड़ को न्यायब तहसीलदार ने मारा छापा, सूचना लीक होने पर जेसीबी डंफर लेकर भाग गए
अछनेरा। क्षेत्र के ग्राम रायभा के पास मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था। सूचना पर मंगलवार की रात नायब तहसीलदार राजपाल सिंह ने पुलिस के साथ छापा मारा। अधिकारी को देखते ही खनन कर रहे लोग बुलडोजर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर लेकर भाग निकले। मौके पर मिट्टी भरने वाली मशीन ही हाथ लगी।
अछनेरा के कचौरा, रायभा, फतेहपुरा, नागर, खड़वाई, सांथा, बरौली, मिढ़ाकुर आदि क्षेत्रों में मिट्टी का अवैध खनन किया जाता है। अवैध खनन के बाद मिट्टी भरकर रात डंफर एवं ट्रैक्टर ट्राॅलियों से इसकी ढुलाई की जाती है। शिकायतों के मद्देनजर मंगलवार को उपजिलाधिकारी किरावली नीलम तिवारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार राजपाल सिंह ने चौकी कुकथला पुलिस के साथ रायभा गांव के पास छापा मारा। मौके पर उन्हें कोई नहीं मिला। नायब तहसीलदार ने बताया कि आसपास के कई खेतों मे कई-कई फीट गड्ढे मिले हैं। खुदाई के बाद मिट्टी भरने वाली एक मशीन भी मौके पर मिली। जिसे जब्त कर लिया गया है। बताया कि थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया है कि क्षेत्र में किसी भी हालत में अवैध खनन नहीं होना चाहिए। अवैध खनन करने वालों को चिह्नित करके उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। अवैध खनन से जुड़े वाहनों को भी जब्त करने के लिए कहा गया है।