मैनपुरी। दंपती के विवाद की सुनवाई के बाद शनिवार को मिडिएशन सेंटर में उनके बीच समझौता करा दिया गया। समझौते के बाद मीडिएशन सेंटर से मिडिएटर ने दंपती को विदा कर दिया गया। उनको समझौते की शर्तों का पालन भी करने की हिदायत दी गई।
थाना कोतवाली के हंसनगर राधारमण रोड निवासी सरिता शाक्य की शादी नवंबर 2018 में आशीष शाक्य निवासी मनीनगर अहमदाबाद से हुई थी। शादी के बाद दहेज में 50 हजार रुपये की मांग ससुरालीजनों ने की। सरिता का आरोप था दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके पति आशीष, ससुर योगेश, सास अनीता, ननद पल्लवी और मेघा ने मारपीट करके उसको दिसंबर 2018 में ससुराल से निकाल दिया। सरिता ने मायके आने के बाद पिता को जानकारी दी।
उसके पिता ने समझौता कराने का प्रयास किया। लेकिन ससुराल के लोग नहीं माने। सरिता ने ससुराल वालों केे खिलाफ मिडिएशन सेंटर में शिकायत की। मिडिएशन सेंटर से भेजे गए नोटिस के बाद आशीष मिडिएशन सेंटर में उपस्थित हुआ। उसने मिडिएशन सेंटर में अपना पक्ष रखा। शनिवार को मिडिएटर ने दोनों पक्षों की बात सुनकर उनके बीच समझौता करा दिया। दंपती एक साथ रहने को राजी हो गए। समझौते के बाद दंपती को लिखापढ़ी करके मिडिएशन सेंटर से विदा कर दिया गया।