मैनपुरी। नवीन मंडी में लाइसेंस नवीनीकृत न किए जाने को लेकर आढ़तियों ने सोमवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने लाइसेंस नवीनीकृत पर लगी रोक हटाने की मांग की है। समस्या का समाधान न होने पर तीन दिन बाद आंदोलन की चेतावनी दी है।
शहर की नवीन मंडी में दो सौ से अधिक व्यापारियों के लाइसेंस नवीनीकरण पर प्रशासन ने रोक लगाई हुई है। ये रोक उन आढ़तियों के लाइसेंस पर लगाई है, जिन्होंने मंडी में अवैध निर्माण कर कब्जा कर रखा है। आढ़तियों को हिदायत दी गई थी कि वे अवैध निर्माण हटा लें तो उनके लाइसेंस नवीनीकृत कर दिए जाएंगे। इसके विपरीत सोमवार को आढ़ती संघ के अध्यक्ष उपदेश यादव के नेतृत्व में आढ़ती तहसील सदर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम (सदर) ऋषिराज को ज्ञापन देकर तीन दिन में लाइसेंस नवीनीकृत करने की मांग की है। कहा कि वे कोई अवैध कब्जा नहीं किए हुए हैं। लाइसेंस नवीनीकृत न होने से लोगों का रोजगार प्रभावित हो रहा है। मांग करने वाले आढ़तियों में दीपक कुमार, शैलेंद्र कुमार, पवन कुमार, अनुज कुमार, मोहित कुमार, राजेश कुमार, मुनीश कुमार, नितिन कुमार, राजीव कुमार, अशोक कुमार आदि शामिल हैं।
---
शासन के आदेशानुसार नवीन मंडी में अवैध निर्माण करना कब्जे की श्रेणी में आता है। इसे तत्काल हटाने के आदेश दिए थे। आढ़तियों को लाइसेंस जारी करते समय निर्माण न करने का शपथ पत्र लिया गया था।
ऋषिराज, एसडीएम सदर