मैनपुरी। जिले में पांच केंद्रों पर सोमवार से बीएड की परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन पंजीकृत कुल छात्र-छात्राओं में से 178 अनुपस्थित रहे। पहली बार बीएड परीक्षा का प्रश्रपत्र वैकल्पिक आने से छात्र-छात्राओं का अनुभव अलग रहा। कुछ ने पेपर को आसान तो कुछ ने कठिन बताया।
परीक्षा में जिले के 48 महाविद्यालयों में पंजीकृत 3213 छात्र-छात्राओं को प्रतिभाग करना था। सुबह दस बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए आठ बजे से ही केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। निर्धारित समय से आधे घंटे पूर्व छात्र-छात्राओं को चेकिंग के बाद प्रवेश दिया गया है। बिना मास्क के किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
परीक्षा में पहले दिन कुल पंजीकृत 3213 परीक्षार्थियों में से 3035 परीक्षार्थी उपस्थित हुए जबकि 178 अनुपस्थित रहे। शहर के श्री चित्रगुप्त डिग्री कॉलेज पर परीक्षा के दौरान पंजीकृत 622 परीक्षार्थियों में से 590 उपस्थित रहे वहीं 32 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, यहां 11 कॉलेज के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। आरसी महिला डिग्री कॉलेज में पंजीकृत 1031 परीक्षार्थी में से 995 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 36 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। यहां 16 कॉलेज के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। डा.ॅ भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय करहल रोड पर 140 में से 138 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि दो परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। यहां दो कॉलेज के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। नेशनल डिग्री कॉलेज भोगांव में पंजीकृत 1135 परीक्षार्थी में से 1062 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 73 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। यहां 15 कॉलेज के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। राजकीय बालिका महाविद्यालय कुरावली में पंजीकृत 285 में से 250 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 35 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। यहां चार कॉलेज के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं।