आगरा। जिले के प्रभारी एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने 70 की उम्र पार कर चुके सभी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की अध्यक्षता में सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री ने विकास कार्य और कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में 70 वर्ष से अधिक के 37 हजार बुजुर्ग हैं। इनके आयुष्मान कार्ड बनेंगे। सभी प्राथमिक, सामुदायिक, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिचित कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने राजस्व वाद की समीक्षा की। धारा 24, 34 और 33 में तीन माह से लंबित वादों पर कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि जिन एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के न्यायालय में वाद लंबित हैं उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाए। अगली बैठक तक वाद निस्तारित नहीं हुए तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।
मंत्री को बताया गया कि 28 नई गोशालाएं निर्माणाधीन हैं। इनमें 3600 निराश्रित गोवंश संरिक्षत किए जाएंगे। मंत्री ने सेक्स सार्टेड सीमेन को बढ़ावा देने और निराश्रित गोवंशों को संरक्षित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा में बताया कि आवासों के लिए सर्वे अंतिम चरण में है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पात्रों को सूची में शामिल करने को कहा। अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों को गंभीरता से लिया जाए।
मिशनरी स्कूल नहीं ले रहे आरटीई में प्रवेश
विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने मंत्री के समक्ष मिशनरी स्कूलों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत गरीब बच्चों का प्रवेश नहीं लिए जाने की बात कही। एनसीईआरटी की जगह निजी प्रकाशकों की पुस्तक खरीद की समस्या रखी। मंत्री ने आरटीई के तहत सभी को प्रवेश दिलाने और जांच कर लापरवाह स्कूलों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
नगर पंचायत अध्यक्षों ने भूमाफिया से परेशानी की दी जानकारी
नगर पंचायत और पालिका अध्यक्षों के साथ बैठक में प्रभारी मंत्री के समक्ष अध्यक्षों ने अपनी परेशानियों की जानकारी दी। किरावली नगर पंचायत अध्यक्ष प्रवीना सिंह और पिनाहट की अध्यक्ष रामरती ने कहा हम भूमाफिया से परेशान हैं। सरकारी जमीन पर कब्जे किए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन में सुनवाई नहीं हो रही। मंत्री ने ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। खेरागढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर गर्ग ने कहा कि बुरहरा से नगला उदैया, नगला महासुख से खेरागढ़ और कैथोली से खेरागढ़ होते हुए पुराने नाव घाट तक सड़क निर्माण कराया जाए।