मायादेवी ने रसाेइया पाक कला में पाया प्रथम स्थान
- बीएसए कार्यालय पर आयोजित हुई जनपदीय रसोइया पाक कला प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। बीएसए कार्यालय पर बुधवार को जनपदीय रसोइया पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय दौलपुर की रसोइया मायादेवी ने बेहतर भोजन तैयार कर प्रथम स्थान पाया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने डीआईओएस अजय कुमार सिंह और बीएसए दीपिका गुप्ता के साथ प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
शासन के निर्देश पर बीएसए कार्यालय में आयोजित रसोइया पाक कला प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग परिषदीय और सहायता प्राप्त स्कूलों के 43 रसोइयों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर बीएसए दीपिका गुप्ता ने लॉटरी के माध्यम से मध्यान्ह भोजन के मेन्यू के तहत तेहरी पकाने का निर्णय लिया गया। रसोइयों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बेहतर तेहरी बनाने का कार्य किया।
जिलाधिकारी द्वारा नामित निर्णायक समिति के सदस्य अजय कुमार सिंह जिला विद्यालय निरीक्ष्रक, दीपिका गुप्ता बीएसए, अतुल पाठक मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी, सुलक्षणा शर्मा प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मानपुरहरी, प्रेमलता प्रवक्ता जीजीआईसी मैनपुरी, डॉ. सपना चौहान प्रभारी चिकित्साधिकारी जिला महिला अस्पताल मैनपुरी ने रसोइयों द्वारा तैयार की गई तेहरी को खाकर अपना निर्णय सुनाया।
प्रतियोगिता में मैनपुरी विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय दौलतपुर की रसोइया माया देवी ने प्रथम, बरनाहल विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बुझिया की रेखा पाल ने द्वितीय और जागीर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय कछपुरा की रसोइया निर्मला देवी ने तृतीय स्थान पाया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सीडीओ नेहा बंधु ने माया देवी को प्रथम पुरस्कार के लिए 3500, रेखा पाल को द्वितीय पुरस्कार के लिए 2500 और तृतीय स्थान पाने वाली निर्मला देवी को 1500 रुपये की धनराशि के साथ प्रमाणपत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक धीरेंद्र सिंह चौहान, रणधीर बहादुर, आदित्य चौहान, प्रधान सहायक भूपेंद्र सिंह चौहान वरिष्ठ सहायक अनुभव सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।