कोसीकलां में रामजी समेत सभी भाइयों की झांकी आरती उतारते अतिथि अनिल अग्रवाल।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। रामलीला संस्थान के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को भरत मिलाप मेले के अंतर्गत राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन के बाल रुप की सवारी निकाली गई। सवारी ब्राह्मण सभा भवन से शुरू होकर नगर के प्रमुख बाजारों से गुजरती हुईं रामलीला मैदान पहुंची। सवारी में आगे-आगे राम-लक्ष्मण ताड़का का वध करते हुए, राम, लक्ष्मन, भरत-शत्रुघ्न का बाल रूप, राजा जनक हल चलाते हुए एवं कौशल्या, कैकई और सुमित्रा के साथ चार भाई भिक्षा मांगते हुए की झांकी निकाली गई। मुख्य अतिथि धर्मवीर अग्रवाल अनिल अग्रवाल ने आरती उतारकर झांकियों का शुभारंभ किया।
सवारी के रामलीला मैदान पहुंचने पर सीता जन्म एवं ताड़का वध लीला का मंचन किया गया। लीला में महाराज रावण एक बार अपनी सभा में बैठा अपने असीमित परिवार एवं निशाचर जाति को देखकर क्रोध में आकर ब्राहमणों, यज्ञ, श्राद्ध में बाधा डालने के लिए राक्षसों को आदेशित करता है और इंद्र, वरुण, काल, यम, पवन आदि को अपने बंदीघर में डाल दिया।
रावण घमंड में मतवाला हो गया और अपने समान योद्धा लडने को खोजता फिरता है।
मुख्य अतिथि वासुदेव गर्ग हवेलिया, संजीब जाविया, देशबंधु अग्रवाल, अनुराग बंसल आदि ने आरती उतारी। लीला को देख मैदान में मौजूद सभी दर्शक मुग्ध हो गए और पूरा पांडाल सियावर रामचंद्र के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा। मेले के दौरान शुक्रवार को रामलीला मैदान में रात 8 बजे से धनुष यज्ञ लीला का मंचन तथा शाम 5 बजे से शोभायात्रा का नगर भ्रमण होगा।